नाइजीरिया के लोगों को एक बार फिर आतंकवादी संगठन बोको हरम के कहर का सामना करना पड़ रहा है। इस कट्टरवादी संगठन ने बड़ी घटना को अंजाम देते हुए 110 नाइजीरियाई नागरिकों का कत्लेआम कर दिया है। संयुक्त राष्ट्र संघ के अनुसार इस्लामिक संगठन बोको हरम के हत्यारों ने खेत में काम कर रहे 110 लोगों की निर्मम तरीके से हत्या कर दी है। बोको हरम के आतंकियों का एक हथियारबंद समूह ने इन लोगों की सरेआम गला काटकर हत्या की है और इनकी औरतों को उठाकर अपने साथ ले गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस निर्मम हमले में धान के खेत में काम कर रहे इन मजदूरों को पहले पकड़कर बांधा गया और फिर उनके गले काट दिए गए। नाइजीरिया के राष्ट्रपति मोहम्मद बुहारी ने हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा है कि इन हत्याओं से पूरा देश घायल हुआ है।
नाइजीरिया में संयुक्त राष्ट्र के मानवीय समन्वयक एडवर्ड कल्लोन ने कहा कि बोको हराम ने कम से कम 110 लोगों की गला काटकर हत्या की है। इसके अलावा हमले में कई लोग घायल हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक यह घटना कोशोबे की है जो मुख्य शहर मैदूगुरी के पास ही स्थित है। हत्यारों ने धान के खेत में काम करने वाले लोगों का कत्लेआम किया।
एडवर्ड कल्लोन ने बताया कि शुरू में मरने वालों का यह आंकड़ा 43 था जो बाद में बढ़कर 70 हो गया था जो अब 110 पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि यह घटना सबसे हिंसात्मक तरीके से सीधे आम नागरिकों पर किया गया हमला है। इन हत्यारों पर कानून का शिकंजा कसना जरूरी है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।